CG Weather Update: तापमान में आएगी गिरावट, छत्‍तीसगढ़ से 12 अक्टूबर तक मानसून की विदाई संभव…

CG Weather Update: छत्‍तीसगढ़ में मौसम का मिजाज अब बदल गया है और 12 अक्टूबर के आसपास प्रदेश से मानसून की विदाई संभावित है।

Weather News: छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बदल गया है और 12 अक्टूबर के आसपास राज्य से मानसून के विदा होने की उम्मीद है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले पांच दिनों तक राज्य के उच्चतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा, लेकिन कमी जरूर होगी न्यूनतम तापमान में। अगले कुछ दिनों के दौरान वर्षा गतिविधि में भी कमी आएगी।

हालांकि, गुरुवार को राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। हाल के दिनों में कम बारिश के परिणामस्वरूप तापमान में थोड़ी वृद्धि होने लगी है। बुधवार को रायपुर का अधिकतम तापमान 33.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस अधिक है। इसी तरह न्यूनतम तापमान 24.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य माना गया। राज्य में मौसम का मिजाज यथावत रहेगा। 1 जून से 30 सितंबर के बीच प्रदेश में 1036 मिमी से ज्यादा बारिश हुई। रायपुर जिले में भी 1000 मिमी से ज्यादा बारिश हुई है।

यह बन रहा सिस्टम

मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा के मुताबिक गंगीय पश्चिम बंगाल और सीमावर्ती झारखंड के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसके अलावा ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती घेरा 7.6 किमी ऊंचाई तक फैला हुआ है। इसके प्रभाव से गुरुवार को राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है। इसके अलावा अब अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी होगी जबकि न्यूनतम तापमान में गिरावट आएगी।