Weather Update : ठंड में होगी बढ़ोतरी, छत्तीसगढ़ में कल से बदलेगी हवा की दिशा,जानें मौसम का ताजा हाल

प्रदेश में मौसम का मिजाज फिर से बदलने वाला है और ठिठुरन बढ़ने वाली है। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार 22 नवंबर से प्रदेश में हवा उत्तर से आने की संभावना है, इसके चलते नमी की मात्रा कम होगी।

Raipur News: प्रदेश में मौसम का मिजाज फिर बदलने वाला है और ठंड बढ़ने वाली है। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार 22 नवंबर से प्रदेश में उत्तर से हवा आने की संभावना है, जिससे नमी की मात्रा कम हो जायेगी। इसके प्रभाव से अगले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में और गिरावट आएगी और ठंड बढ़ने वाली है।

मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा ने बताया कि अब उत्तर से आने वाली हवा के कारण आने वाले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में और गिरावट होगी, लेकिन अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा। राज्य का मौसम शुष्क रहेगा। पूरे प्रदेश में सोमवार को अंबिकापुर सबसे ठंडा रहा। यहां का न्यूनतम तापमान 13.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री कम है। इसी तरह रायपुर का अधिकतम तापमान 31.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि इस साल ठंड पिछले साल से बेहतर रहेगी, खासकर दिसंबर के पहले हफ्ते से ठंड बढ़ने वाली है। इन दिनों सुबह के साथ-साथ रात में भी ठंड काफी बढ़ने लगी है। खासकर ग्रामीण और बाहरी इलाकों में यह ठंड बढ़ गयी है।

गर्म कपड़ों पर मिल रही 20 प्रतिशत छूट

शहर में इन दिनों मोतीबाग, आमापारा, पंडरी, टिकरापारा सहित कई क्षेत्रों में गर्म कपड़ों के स्टाल लग गए हैं। अभी गर्म कपड़ों पर 20 प्रतिशत की छूट दी जा रही है। गर्म कपड़ों के स्टालों में नई-नई रेंज भी मिल रही है, कपड़ा संस्थानों में भी गर्म कपड़ों की नई रेंज उपलब्ध है, इन्हें उपभोक्ताओं द्वारा काफी पसंद किया जा रहा है।